'शेल्टर होम' के एक सीन ने तोड़ दिया दिव्या त्यागी का सब्र, कैमरा बंद होने के बाद भी नहीं थमे आंसू
पटना। बॉलीवुड और ओटीटी की चर्चित अभिनेत्री दिव्या त्यागी अपनी आगामी फिल्म शेल्टर होम को लेकर लगातार चर्चा में हैं। सामाजिक सरोकारों पर आधारित इस फिल्म की शूटिंग के दौरान एक ऐसा भावुक पल सामने आया, जिसने सेट पर मौजूद हर व्यक्ति को भावुक कर दिया। फिल्म में दिव्या त्यागी एक ऐसे किरदार को निभा रही हैं, जो शेल्टर होम में रह रहे बेसहारा और प्रताड़ित लोगों के दर्द को दुनिया के सामने लाने की कोशिश करता है। शूटिंग के दौरान एक बेहद संवेदनशील और भावनात्मक दृश्य फिल्माया जा रहा था, जिसमें उन्हें पीड़ित बच्चों की व्यथा को दर्शाने वाला एक मार्मिक संवाद बोलना था।
जैसे ही कैमरा ऑन हुआ, दिव्या पूरी तरह अपने किरदार में डूब गईं। उन्होंने बिना किसी कृत्रिम सहारे के इतने प्रभावशाली ढंग से अभिनय किया कि सीन के बीच ही उनकी आंखों से आंसू बहने लगे। उनकी भावनाएं इतनी वास्तविक थीं कि सेट पर मौजूद कलाकार और तकनीकी टीम भी भावुक हो उठी। निर्देशक के कट कहने के बाद भी दिव्या लंबे समय तक अपने आंसुओं को नहीं रोक सकीं। वह कुछ देर तक चुपचाप बैठी रहीं और खुद को सामान्य करने की कोशिश करती रहीं।
इस दौरान फिल्म की पूरी टीम ने उनका हौसला बढ़ाया। दिव्या त्यागी ने इस अनुभव को साझा करते हुए कहा कि कुछ कहानियां सिर्फ पर्दे पर दिखाई नहीं जातीं, बल्कि उन्हें महसूस भी किया जाता है। शेल्टर होम मेरे लिए ऐसी ही फिल्म है। इस किरदार को निभाते समय मुझे उन लोगों की पीड़ा महसूस हुई, जिनके पास अपना कहने वाला कोई नहीं है। उन्होंने बताया कि भूमिका की तैयारी के लिए उन्होंने कई शेल्टर होम्स का दौरा किया और वहां रहने वाले लोगों के जीवन को करीब से समझा। यही वजह रही कि फिल्म के कई दृश्य उनके लिए बेहद भावनात्मक साबित हुए। सच्ची घटनाओं से प्रेरित बताई जा रही शेल्टर होम समाज के उस दर्दनाक पहलू को उजागर करने का प्रयास करती है, जिस पर अक्सर चर्चा नहीं होती। फिल्म की सेंसर कॉपी मिल चुकी है, जबकि टीज़र की सेंसर कॉपी का इंतजार जारी है। ऐसे में दर्शक फिल्म की रिलीज़ डेट और ट्रेलर की घोषणा का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।